
नई दिल्ली/देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सुपरीटेंडेंट और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंदन सिंह पयाल का दिल्ली में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे सम्मान के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में राजनेता, पत्रकार, समाजसेवी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने जानकारी देते हुए बताया कि पयाल जी को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी भगवती प्रसाद नौगैई और मनोज नेगी ने पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं, उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा की ओर से धीरेंद्र प्रताप ने श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस सचिव हरिपाल रावत, पत्रकार देव सिंह रावत, कुशाल जीना, सोशल एक्टिविस्ट अनिल पेंट, तथा उत्तराखंड पत्रकार फोरम के अध्यक्ष सुनील नेगी सहित सैकड़ों लोगों ने चंदन सिंह पयाल को श्रद्धांजलि दी।
पयाल जी पिछले 60 वर्षों से कांग्रेस मुख्यालय में सेवारत रहे और उन्होंने नेहरू, शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे शीर्ष नेताओं के साथ कार्य किया। उन्होंने पार्टी के कठिन दौर में संघर्ष किया और गिरफ्तारी भी दी।
मुखाग्नि उनके इकलौते पुत्र मनीष दयाल ने दी। प्रेस क्लब में आयोजित एक शोक सभा में उन्हें उत्तराखंड का एक योग्य सपूत बताते हुए उनके योगदान को याद किया गया। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि पयाल जी ने जीवन भर देशभर से आए कांग्रेसजनों और उत्तराखंड के लोगों की सेवा दिल से की l