
चंद्र मोहन शर्मा
देश की प्रख्यात लव कुश रामलीला कमेटी का भूमि पूजन समारोह भव्य रूप से लालकिला मैदान में संपन्न हुआ। कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष का विशाल रामलीला मंचन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होगा तथा दशहरा पर्व 2 अक्टूबर 2025 को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा।

भूमि पूजन का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और सांसद प्रवीण खंडेलवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर वृंदावन, मथुरा और दिल्ली के विद्वान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार व विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई।
कमेटी अध्यक्ष ने सभी अतिथियों का स्वागत पटका, स्मृति-चिन्ह और शक्ति का प्रतीक गदा भेंटकर किया।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा “लव कुश रामलीला कमेटी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए है। यह केवल प्रभु श्रीराम की लीला का मंचन ही नहीं करती, बल्कि सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों में भी सक्रिय रहती है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि रामलीलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए। इसके लिए सभी परमिशन हेतु सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा।”

अर्जुन कुमार ने दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामलीलाओं के लिए पुलिस लाइसेंस प्रक्रिया समाप्त करना और डीडीए द्वारा मेले हेतु 25–40% ग्राउंड का आवंटन कलाकारों और आयोजकों के लिए बड़ी राहत है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन हाईटेक डिजिटल तकनीक से होगा तथा इसका सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) लगभग 100 देशी-विदेशी टीवी चैनलों पर किया जाएगा। इस बार मंचन में बॉलीवुड के लगभग 40 फिल्म कलाकार भाग लेंगे।