दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को दिल्ली विधानसभा के बाहर दूषित पानी और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार मूलभूत जनसमस्याओं पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है और जनता के स्वास्थ्य व जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ पानी, स्वच्छ पर्यावरण और नागरिकों को सुरक्षित जीवन देने की मांग को लेकर नारेबाजी की। जैसे ही प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने लगीं, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष सिधिया कुमार, जिला अध्यक्ष रविता पाल, सुनीता धवन, कमलेश चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष सुषमा सुमन, गायत्री सकसैना, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव पिंकी साहनी, पुष्पा रानी सहित अनेक महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहीं।
महिला कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दूषित पानी और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।