5 जनवरी 2026 के दैनिक भास्कर में “भारत माता की करोड़ों संतानों के स्वाभिमान की गाथा है सोमनाथ” शीर्षक से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का एक लेख प्रकाशित हुआ है। यह लेख सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लिखा गया है।
आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि इस पूरे लेख में एक स्थान पर भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का उल्लेख नहीं है, जबकि ऐतिहासिक सत्य यह है कि स्वर्गीय सरदार वल्लभभाई पटेल ने महात्मा गांधी की सहमति और मार्गदर्शन में ही सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की पहल की थी। प्रारंभ में सरदार पटेल इसे सरकारी खर्च से करवाना चाहते थे, किंतु बापू की स्पष्ट सलाह थी कि किसी भी धार्मिक स्थल का निर्माण सरकारी धन से नहीं, बल्कि जनता और अनुयायियों के सहयोग से होना चाहिए। बापू की इस सलाह को स्वीकार करते हुए ही सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण जनसहयोग से संपन्न हुआ।
इसके बावजूद, पूरे लेख में महात्मा गांधी के नाम का न लिया जाना एक प्रकार की उपेक्षा को दर्शाता है।
अपने लेख में माननीय प्रधानमंत्री लिखते हैं—
“महबूब गजनवी लौटकर चला गया, लेकिन सोमनाथ के प्रति हमारी भावनाओं को छीन नहीं सका।”
साथ ही वे यह भी कहते हैं कि—
“आज 2026 में भी सोमनाथ मंदिर दुनिया को यह संदेश दे रहा है कि मिटाने की मानसिकता रखने वाले खत्म हो जाते हैं, जबकि सोमनाथ मंदिर हमारे विश्वास के मजबूत आधार के रूप में खड़ा है।”
प्रधानमंत्री जी ने यह बात बिल्कुल सही कही है। इसी संदर्भ में मैं उन्हें यह भी याद दिलाना चाहता हूँ कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति देश और दुनिया की श्रद्धा और सम्मान की भावना को कोई भी कभी छीन नहीं सका और न ही छीन सकेगा—चाहे प्रधानमंत्री जी हों या उनकी मातृ संस्था, चाहे जितना भी प्रयास क्यों न कर लें।
जिस प्रकार विदेशी आक्रमणकारी सोमनाथ मंदिर के प्रति हमारी भावनाओं को नहीं मिटा सके, उसी प्रकार देशी वैचारिक आक्रमणकारी भी महात्मा गांधी के प्रति देश और दुनिया की श्रद्धा तथा सम्मान को समाप्त नहीं कर सकते।
मैं माननीय प्रधानमंत्री की इस बात से पूर्णतः सहमत हूँ कि “मिटाने की मानसिकता रखने वाले खत्म हो जाते हैं।” इसलिए मैं उनसे आग्रह करता हूँ कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृतियों, उनके सत्य, उनके जीवन-मूल्यों और उनकी विराटता को मिटाने का प्रयास न किया जाए।
बापू अमर हैं और अमर रहेंगे।
रघु ठाकुर
संरक्षक, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी