ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश: नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (NIU) की संघटक इकाई नोएडा इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (NIIMS), ग्रेटर नोएडा में एमबीबीएस बैच 2025 के विद्यार्थियों के लिए भव्य व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। यह समारोह मेडिकल छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उन्हें चिकित्सा सेवा और मानवता की सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मिथिला, एमईयू कोऑर्डिनेटर, NIIMS के स्वागत भाषण से हुई, जिसके पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित किया गया। दीप प्रज्वलन में डॉ. विक्रम सिंह, चांसलर, नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी; प्रो. (डॉ.) उमा भारद्वाज, कुलपति, NIU; डॉ. एस. एन. गुप्ता, निदेशक, NIIMS; डॉ. आशीष निर्वाण, डीन, NIIMS तथा डॉ. आशीष मारवाहा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, NIIMS ने सहभागिता की।

इस अवसर पर डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का आजीवन संकल्प है और सफेद कोट करुणा, ईमानदारी तथा उत्कृष्टता का प्रतीक है। प्रो. (डॉ.) उमा भारद्वाज ने कहा कि व्हाइट कोट जिम्मेदारी और नैतिकता का प्रतीक है तथा छात्रों को ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता और आजीवन सीखने की भावना को भी अपनाना चाहिए। डॉ. एस. एन. गुप्ता ने छात्रों को अपने क्लिनिकल कौशल मजबूत करने, आधुनिक तकनीक एवं एआई का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा प्रत्येक मरीज को अपने परिवार की तरह देखने की सीख दी। डॉ. आशीष निर्वाण ने अनुशासन, समयपालन और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब रहा जब एमबीबीएस बैच 2025 के विद्यार्थियों ने समूहों में व्हाइट कोट धारण किया, जो उनके चिकित्सा जीवन की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है। इसके पश्चात मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आशीष मारवाहा द्वारा विद्यार्थियों को महर्षि चरक शपथ दिलाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नैतिकता, समर्पण और पेशेवर आचरण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को शुभकामनाओं और इस संदेश के साथ हुआ कि वे चिकित्सा सेवा में उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए समाज और मानवता की निस्वार्थ सेवा करें।