- प्रमोद पंत
उपभोक्ता शिक्षा, जागरूकता, उत्पादों के तुलनात्मक परीक्षण एवं नीति निर्माण में सहायक अग्रणी गैर-सरकारी संस्था कंस्यूमर वॉयस द्वारा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से निवेशक शिक्षा एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन शशि गार्डन, पांडव नगर में किया गया।

महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व के बावजूद आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 स्थानीय नागरिकों एवं आरडब्ल्यूए सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वित्तीय साक्षरता के प्रति अपनी गंभीरता दर्शाई। कार्यशाला में कंस्यूमर वॉयस के बीएफएसआई डेस्क प्रमुख सुबास तिवारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं एवं निवेशकों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बचत एवं निवेश, बीमा योजनाओं की समझ तथा पोंजी एवं अन्य फर्जी निवेश योजनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने संस्था की कार्यप्रणाली, उपभोक्ता हित में किए जा रहे प्रयासों तथा सेबी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं वित्तीय विशेषज्ञ भूपेश शर्मा ने सेबी और वॉयस की इस पहल को अत्यंत सार्थक बताते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं आम निवेशकों को सही दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि “वित्तीय योजनाओं की सही जानकारी, जोखिमों की समझ और फर्जीवाड़े से बचाव के उपाय जानना आज के समय की आवश्यकता है। जागरूक निवेशक ही सुरक्षित निवेश कर सकता है।”
स्थानीय समाजसेवी जितेंद्र जी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में निवेशकों के बीच इस प्रकार की जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इससे लोगों को सही विकल्प चुनने और अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने का अवसर मिलता है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न और समस्याएं साझा कीं, जिनका समाधान सुबास तिवारी ने सरल और सहज भाषा में विस्तारपूर्वक किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार की जागरूकता पहल जारी रहेगी, जिससे अधिक से अधिक नागरिक वित्तीय रूप से सशक्त और सजग बन सकें।