पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ‘गुरु मान्यों ग्रंथ चेतना समागम’ खालसा साजना दिवस और वैसाखी की भावना को समर्पित रहा।

धार्मिक वातावरण और संगत की बड़ी उपस्थिति के बीच आयोजित इस समागम में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर गुरु परंपरा और सिख इतिहास के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।समागम के दौरान दीवान में भाई रणजीत सिंह ढडरियांवाले के आगमन पर कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक एवं पूर्व निगम पार्षद गुरचरन सिंह राजू ने उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर धार्मिक विचारों और कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं से जुड़ने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा ने भी विशेष रूप से भाग लिया। दोनों अतिथियों ने संगत से मिले स्नेह और सम्मान के लिए गुरचरन सिंह राजू का आभार व्यक्त किया तथा ऐसे आयोजनों को समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सुखविंदर सिंह बब्बर ने बताया कि तीन दिवसीय इस धार्मिक समागम को लेकर यमुनापार क्षेत्र की संगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि समागम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
समागम में संगत के लिए धार्मिक दीवान, कीर्तन और प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करना है।