दिल्ली प्रेस क्लब में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में भारत के महान नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस श्रद्धांजलि सभा में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, कांग्रेस के पूर्व संयुक्त सचिव हरिपाल रावत, वरिष्ठ पत्रकार कुशल जीना, सुनील नेगी, राज्य आंदोलनकारी सत्येंद्र रावत, अनिल पत, प्रताप थलवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर हरीश रावत और धीरेंद्र प्रताप ने हेमवती नंदन बहुगुणा को भारत के राजनीतिक इतिहास का बेमिसाल नेता बताया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी ने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ आजादी के बाद देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। धीरेंद्र प्रताप ने इस मौके पर स्वर्गीय बहुगुणा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग भी की। वहीं, पत्रकार सुनील नेगी, हरिपाल रावत और कुशल जीना ने उन्हें एक कुशल प्रशासक बताते हुए पेट्रोलियम क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री के रूप में बहुगुणा जी द्वारा खाड़ी देशों के साथ स्थापित किए गए संबंधों का ही परिणाम है कि भारत ऊर्जा क्षेत्र में मजबूती की दिशा में आगे बढ़ सका। सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की।