नई दिल्ली। राजधानी में श्री श्याम भक्तों के लिए आध्यात्मिक वातावरण बनाने हेतु “श्री श्याम कथा सप्ताह” का आयोजन 30 मार्च (सोमवार) से 6 अप्रैल (सोमवार) 2026 तक किया जा रहा है। यह सात दिवसीय कार्यक्रम गीता भवन, लाल मार्केट, कृष्णा नगर, दिल्ली में आयोजित होगा, जहां प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा वाचन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत पहले दिन 30 मार्च को अखंड ज्योति पाठ और श्री श्याम कथा का शुभारंभ होगा। इसके बाद प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर कथा वाचन होगा, जिसमें धर्म, अर्थ, भक्ति और महाभारत से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 2 अप्रैल को महाभारत के विशेष प्रसंग, 3 अप्रैल को भगवान श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं का वर्णन और 4 अप्रैल को भक्तों के लिए विशेष तपस्या एवं जागरण का आयोजन रखा गया है।

5 अप्रैल को समाज सेवा और धर्म स्थापना के संदेश के साथ विशेष कथा होगी, जबकि 6 अप्रैल को पूर्णाहुति, महाआरती और विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
इस आयोजन में निखिल धर्मार्थ एवं परिवार (समस्त प्रेमी मंडली) मुख्य यजमान के रूप में सहयोग कर रहे हैं। साथ ही कई श्रद्धालु एवं समाजसेवी भंडारे व सेवा कार्यों में भाग ले रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन कथा के पश्चात भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि श्री श्याम कथा सप्ताह का उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण और सेवा कार्यों में भाग लेने की अपील की है।