अशोक विहार फेज-2 स्थित सनातन भवन (सनातन धर्म मंदिर) में हनुमान जन्मोत्सव समिति, अशोक विहार (दिल्ली) द्वारा 31वां हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली। संस्था के संरक्षक सुरेश गर्ग, अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरविंद मित्तल और उपाध्यक्ष प्रेमशंकर अग्रवाल ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर देश के सुप्रसिद्ध भजन गायकों को आमंत्रित किया गया था।

कोलकाता से आए राजू मेहरा और दिल्ली के हिमांशु वशिष्ठ सहित अन्य भजन गायकों ने अपने मधुर भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रमुख समाजसेवी विनोद सावा द्वारा ज्योत प्रज्वलित कर की गई। महोत्सव का मुख्य आकर्षण बाबा का भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार और 56 भोग का विशेष प्रसाद रहा, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का विशेष प्रबंध किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन ने पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बना दिया।