नई दिल्ली। श्री रामकृष्ण इंटरनेशनल ट्रस्ट द्वारा दिल्ली में संगठन को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रसिद्ध अधिवक्ता श्री अखिल मित्तल को सर्वसम्मति से दिल्ली राज्य का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संस्था की मैनेजिंग कमेटी द्वारा संस्था के चेयरमैन स्वामी गुरु महेन्द्र दास जी महाराज तथा परम् पूज्य स्वामी श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज (अध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट) के पावन सान्निध्य में संपन्न हुई।
संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि श्री अखिल मित्तल का अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और समाजसेवा के प्रति समर्पण दिल्ली में ट्रस्ट की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उनके नेतृत्व में संस्था सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त करेगी तथा समाज में मानवीय मूल्यों के प्रसार को नई गति मिलेगी।


नवनियुक्त अध्यक्ष श्री अखिल मित्तल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मैं श्री रामकृष्ण इंटरनेशनल ट्रस्ट का हृदय से आभारी हूँ कि मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि “घर-घर राम, हर घर रामायण” के संकल्प के साथ सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार देश-विदेश तक किया जाएगा तथा समाज में आध्यात्मिक जागरूकता और सेवा कार्यों को विस्तार दिया जाएगा।
इस अवसर पर यूनाइटेड किंग्डम के ट्रस्टी एवं हाल ही में दिल्ली ट्रस्टी नियुक्त नवीन मित्तल ने भी संस्था का आभार व्यक्त करते हुए श्री अखिल मित्तल को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।