पूर्वी दिल्ली। विश्व शांति के उद्देश्य से पीएसके ऑडिटोरियम, निर्माण विहार में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। यह पावन कथा राष्ट्रसंत एवं राष्ट्र मंदिर निर्माता मर्मज्ञ श्री अजय भाई के श्रीमुख से संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य यजमान संतोष मुकेश गुप्ता एवं शिवांगी सौरभ गुप्ता परिवार रहे, जिन्होंने राष्ट्र कल्याण की भावना से इस आयोजन को समर्पित किया।

कथा प्रवचन के दौरान राष्ट्रसंत अजय भाई ने कहा कि मनुष्य को जब शक्ति प्राप्त होती है, तो वह अक्सर अहंकारवश अशांति का कारण बन जाता है, जबकि जीवन और मरण दोनों ही ईश्वर के अधीन हैं। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ कला है। यह हमें भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के मार्ग पर चलकर जीवन को सफल बनाने की प्रेरणा देती है।


इस अवसर पर कथा श्रवण हेतु केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, संजय राणा, अनिल कुमार गुप्ता ‘मामा’ सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाया।