छत्तीसगढ़ को स्टार्टअप और निवेश हब बनाने की दिशा में अहम पहल
- यशिका अरोड़ा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में उद्यमशीलता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए TiE रायपुर का आधिकारिक लॉन्च होटल सयाजी, रायपुर में किया गया। इस लॉन्च के साथ ही छत्तीसगढ़, TiE के वैश्विक नेटवर्क (60+ शहरों) से जुड़ गया है। कार्यक्रम में उद्यमियों, निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने राज्य में तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को रेखांकित किया।
TiE रायपुर का नेतृत्व प्रेसिडेंट मनीष मोहता (Learning Spiral) और प्रेसिडेंट-इलेक्ट अभिनव खंडेलवाल (Credalis Capital) कर रहे हैं। यह चैप्टर हर वर्ष 100 से अधिक स्टार्टअप्स को समर्थन देने और अगले तीन वर्षों में ₹100–300 करोड़ तक निवेश सुविधा सक्षम करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।
TiE रायपुर के माध्यम से मेंटरशिप, निवेश तक पहुंच और AI-आधारित मार्गदर्शन पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्टार्टअप्स को बेहतर दिशा और संसाधन मिल सकें। प्रेसिडेंट-इलेक्ट अभिनव खंडेलवाल, जो पूंजी जुटाने और IPO सलाहकारिता में व्यापक अनुभव रखते हैं, ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभा और नवाचार की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें सही मार्गदर्शन, नेटवर्क और निवेश तक पहुंच की आवश्यकता है।
इस पहल का उद्देश्य राज्य में एक मजबूत, संगठित और सक्षम स्टार्टअप इकोसिस्टम का निर्माण करना है, जिससे नवाचार, निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिल सके। TiE रायपुर के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।