नई दिल्ली। संगीत की राजधानी कहे जाने वाले दिल्ली शहर में गैलेक्सी प्रोडक्शन हाउस द्वारा राजिंदर भवन में आयोजित “कराओके सिंगिंग अवॉर्ड शो” ने सुरों और प्रतिभाओं का अद्भुत संगम पेश किया। इस भव्य आयोजन का उद्देश्य उभरती हुई गायन प्रतिभाओं को मंच देना और उन्हें सम्मानित कर संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योगेश मलिक, यूनुस नसीब एवं चीफ पैट्रन आमिर राजा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे क्रिएटिव फिल्म डायरेक्टर, फिल्म क्रिटिक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सुनील पाराशर, रवि राठी, धर्मेंद्र तोमर, सीमा डोगरा और सुषमा रानी ने संपन्न किया।
गैलेक्सी प्रोडक्शन हाउस के संस्थापक शफीक उर रहमान ने अपने संबोधन में कहा कि कराओके आज के दौर में गायकों के लिए एक सशक्त अभ्यास माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य छुपी हुई प्रतिभाओं को पहचान देना है, ताकि वे भविष्य में म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की विशेषता रही अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन, जिस पर गायकों के नाम और गीतों के बोल प्रदर्शित किए गए। इससे दर्शक भी कार्यक्रम का हिस्सा बनते नजर आए और माहौल और भी जीवंत हो उठा। शानदार लाइट और साउंड सिस्टम ने आयोजन को एक पेशेवर स्वरूप प्रदान किया, जबकि दर्शकों की भारी भीड़ ने हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज से कलाकारों का मनोबल बढ़ाया।
डॉ. सुनील पाराशर ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां मौजूद हर कलाकार में प्लेबैक सिंगर बनने की क्षमता है। उन्होंने शफीक उर रहमान के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे मंच कलाकारों को नई दिशा और अवसर प्रदान करते हैं।
शाम होते-होते राजिंदर भवन का सभागार मधुर गीतों और तालियों से गूंज उठा। दिल्ली-एनसीआर से आए कलाकारों—योगेश मलिक, यूनुस नसीब, सिकंदर राजा हसन, बहार आलम, एस. नासिर, डॉ. सुभाष, राजू शील, टीकाराम, अशोक कुमार लेहरी, राकेश कुमार, अज़हर फिरदौसी, मोहन धवन और राज प्रिंस—ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं समर खान, तबस्सुम अंसारी, दीप्ति चौधरी, यास्मीन खान, पायल कक्कर और गरिमा सिंह ने भी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी।
सोलो, डुएट और ग्रुप प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविधता और रोमांच से भर दिया। विजेताओं और प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण अयाज़ परफ्यूम रहा, जिनकी ओर से सभी कलाकारों और अतिथियों को विशेष उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम की एंकरिंग पायल कक्कर ने अपने प्रभावशाली अंदाज में की, जिसने पूरे आयोजन को ऊर्जा और जीवंतता से भर दिया। वहीं उस्ताद जुनैन खान की प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम में फिल्म जगत के अनुभवी कलाकार सुरेंद्र बावरा, विकास वशिष्ठ, तारिक, जीत प्रताप सिंह और संदीप दमानिया ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी सामने आया।