नई दिल्ली। भगवान विष्णु के छठे अवतार, धर्म और नीति के प्रतीक भगवान श्री परशुराम जी की जयंती के अवसर पर राजधानी सहित देशभर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, वहीं सामाजिक संगठनों ने भंडारे और सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा का संदेश दिया।
इस पावन अवसर पर पूर्व विधायक रोहताश नगर एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य विपिन शर्मा ने सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में प्रासंगिक हैं।
विपिन शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि हमें परशुराम जी के सिद्धांतों को अपनाकर समाज में समानता, नैतिकता और सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति और मूल्यों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे माहौल में भक्ति और उल्लास की झलक साफ देखने को मिली।