मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी (MNRE), भारत सरकार के तत्वावधान में तथा नेशनल सोलर एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में “रन फॉर सन मैराथन” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

मैराथन से पूर्व आयोजित वार्मअप सेशन में योग, मेडिटेशन, जुम्बा एवं फिजिकल एक्सरसाइज करवाई गईं, जिससे प्रतिभागियों में ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर “हर घर ऊर्जा, हर घर सौर ऊर्जा” अभियान के अंतर्गत लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने एवं सोलर पैनल लगाने के लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली बिल में भारी कमी लाई जा सकती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

मैराथन में लगभग 3000 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें युवा, वरिष्ठ नागरिक, बच्चे, कैडेट्स, स्काउट्स, स्कूल एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ इस आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर श्री अवतार सिंह, स्टेट कोऑर्डिनेटर, इंडियन दिल्ली स्टेट स्काउट एंड गाइड फेलोशिप तथा रोवर लीडर हरप्रीत सिंह ने भी सक्रिय रूप से 5 किलोमीटर दौड़ में भाग लेकर युवाओं को प्रेरित किया।
मैराथन को श्री संतोष कुमार सारंगी, आईएएस, सचिव, MNRE एवं श्री मयंक तिवारी, आईएएस, एडिशनल सेक्रेटरी, MNRE द्वारा फ्लैग ऑफ किया गया। आयोजन के अंतर्गत 5 किलोमीटर एवं 2 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सभी प्रतिभागियों को सहभागिता के प्रतीक स्वरूप मेडल, टी-शर्ट, तौलिया, जलपान एवं ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने इस प्रेरणादायक एवं जनजागरूकता से जुड़े आयोजन के लिए मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।