अटल आदर्श विद्यालयों एवं नवयुग स्कूलों के छात्रों ने शिक्षा, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़ाया गौरव
शैक्षणिक उत्कृष्टता और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने अटल आदर्श विद्यालयों एवं नवयुग स्कूलों के 55 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। ये विद्यार्थी शैक्षणिक सत्र 2024-25 की सीबीएसई माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किए गए।

यह भव्य पुरस्कार वितरण समारोह एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, एनडीसीसी फेज-II, पालिका केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें एनडीएमसी अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा एवं परिषद सदस्य श्री दिनेश प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल एवं विषयवार सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं ₹10,000 की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 विद्यार्थियों को भी ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। सम्मानित विद्यार्थियों में आंचल स्कूल के आठ विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थी भी शामिल रहे, जो समावेशी शिक्षा के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर एनडीएमसी अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि समर्पण, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर कठिन परिश्रम से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष एनडीएमसी के अटल आदर्श विद्यालयों ने कक्षा 10वीं की सीबीएसई परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम हासिल कर संस्था का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने जानकारी दी कि एनडीएमसी ने विद्यालयों के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए एक विशेष इंजीनियरिंग विंग का गठन किया है, जो सभी स्कूलों का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधार एवं उन्नयन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा।
पालिका परिषद सदस्य श्री दिनेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनडीएमसी विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहे हैं और आने वाले समय में भी यह उपलब्धियों का नया इतिहास रचेंगे।
एनडीएमसी की निदेशक (शिक्षा) सुश्री कृतिका चौधरी ने शिक्षा विभाग की वार्षिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल शिक्षा अवसंरचना और कौशल विकास कार्यक्रमों के कारण विद्यार्थियों के परिणाम लगातार बेहतर हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रणाली विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कला प्रदर्शनी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित रचनात्मक प्रदर्शन, वैदिक मंत्रोच्चारण और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। उपस्थित दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार क्षमता की सराहना की।
समारोह का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जिसने शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त रूप से स्थापित किया।