“सशक्त मां, सशक्त भविष्य” कार्यक्रम बना प्रेरणा का मंच, मातृशक्ति के साहस को मिला सम्मान
- रजनीश कुमार
भीलवाड़ा। मदर्स डे की पूर्व संध्या पर भीलवाड़ा शहर एक भावुक, प्रेरणादायक और आत्मीय आयोजन का साक्षी बना, जहां संघर्षों से जूझकर अपने बच्चों का भविष्य संवारने वाली सिंगल मदर्स को सम्मानित किया गया। पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट एवं प्लीज मॉम डे केयर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सशक्त मां, सशक्त भविष्य” कार्यक्रम ने समाज को यह संदेश दिया कि मां का साहस हर परिस्थिति में परिवार और भविष्य को मजबूत आधार देता है।
कार्यक्रम में उन माताओं को विशेष सम्मान दिया गया जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों, सामाजिक चुनौतियों और व्यक्तिगत संघर्षों के बावजूद हार नहीं मानी और अपने बच्चों को बेहतर जीवन देने के लिए निरंतर संघर्ष किया। जैसे-जैसे माताएं मंच पर अपने जीवन के अनुभव साझा करती गईं, पूरा सभागार भावुकता, आत्मबल और सम्मान की भावना से भर उठा। कई माताओं की आंखें नम थीं तो कई चेहरों पर संघर्ष से मिली जीत की चमक साफ दिखाई दे रही थी।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ऋषि राज मिश्रा द्वारा अतिथियों एवं मातृशक्ति के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों की बेहद आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन अनुराधा झा एवं शिल्पी सिंह ने प्रभावशाली अंदाज में किया। दोनों ने प्रतिभागियों का परिचय कराते हुए ऐसा आत्मीय माहौल बनाया, जिसमें उपस्थित माताओं ने खुलकर अपने जीवन संघर्ष, दुख-सुख और अनुभव साझा किए। कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं रहा, बल्कि यह महिलाओं के लिए एक भावनात्मक सहारा और आत्मविश्वास का मंच बन गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और रंग भर दिए। डॉ. प्रति अरोड़ा, मीणा देवी झा, प्रियांशी काबरा, विजेता सोनी एवं शिवांशी सोनी की मिमिक्री प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहीं सोनिया सोनी और उनकी पुत्री गौरिका सोनी द्वारा प्रस्तुत भवाई नृत्य ने तालियों की गूंज बटोरी। अंकिता भारद्वाज की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति और कला की गरिमा को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के संस्थापक रघुवीर शर्मा की इस सामाजिक पहल की सभी ने सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि समाज में ऐसी माताओं को पहचान और सम्मान मिलना बेहद जरूरी है, जो अकेले अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए आत्मनिर्भरता का उदाहरण पेश कर रही हैं।
पूर्वांचल समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में प्लीज मॉम डे केयर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने पूरे आयोजन को संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ सफल बनाने में सहयोग दिया।
अंत में जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी वैभव जोशी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा “स्वाभिमान भोज” की जानकारी देते हुए सभी को स्नेह भोज के लिए आमंत्रित किया।
यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन माताओं के साहस, त्याग और आत्मबल को सलाम था, जिन्होंने हर कठिनाई के बीच अपने बच्चों के सपनों को टूटने नहीं दिया। “सशक्त मां, सशक्त future” ने समाज को यह संदेश दिया कि जब मां मजबूत होती है, तभी भविष्य भी मजबूत बनता है।