ईवी वाहनों पर पार्किंग में 50% छूट, कर्मचारियों के लिए ई-ऑटो व शटल बस सेवा शुरू
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सतत विकास, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्रीन मोबिलिटी अभियान को नई गति दी है। इसी क्रम में एनडीएमसी अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा ने स्वयं मेट्रो से यात्रा कर कार्यालय पहुंचकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और मितव्ययिता अपनाने के आह्वान से प्रेरित होकर श्री चंद्रा अपने सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन से राजीव चौक तक मेट्रो से पहुंचे और वहां से इलेक्ट्रिक ऑटो के माध्यम से पालिका केंद्र कार्यालय पहुंचे।

कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने मुख्यालय से ही वरिष्ठ अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की, ताकि अधिकारियों की अनावश्यक यात्रा कम हो और डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिले।
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा
एनडीएमसी अध्यक्ष ने घोषणा की कि परिषद ने अपने सभी अधिसूचित पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क में 50 प्रतिशत विशेष छूट लागू कर दी है। यह सुविधा 18 मई 2026 से प्रभावी हो चुकी है और आगामी आदेशों तक जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय “ग्रीन मोबिलिटी” और “सतत शहरी परिवहन” को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में मदद मिलेगी।
कर्मचारियों के लिए ईवी ऑटो और शटल बस सेवा
एनडीएमसी ने कर्मचारियों की सुविधा के लिए पालिका केंद्र और निकटवर्ती मेट्रो स्टेशनों—पटेल चौक, राजीव चौक और जनपथ—के बीच ईवी ऑटो सेवा शुरू की है। यह सेवा 15 मई 2026 से संचालित की जा रही है।

इसके साथ ही विभिन्न एनडीएमसी आवासीय परिसरों से पालिका केंद्र तक कर्मचारियों के लिए बस शटल सेवा भी शुरू की गई है। यह सेवा सरोजिनी नगर, अमृत काल निवास, जोर बाग, चाणक्यपुरी, मंदिर मार्ग, रोहिणी और साकेत सहित कई क्षेत्रों से संचालित हो रही है।
फील्ड स्टाफ के लिए ईवी स्कूटर सुविधा
फील्ड स्टाफ और कर्मचारियों की “लास्ट माइल कनेक्टिविटी” सुनिश्चित करने के लिए एनडीएमसी ने ईवी स्कूटर सेवा भी प्रारंभ की है, जिससे कार्यस्थलों तक त्वरित और पर्यावरण अनुकूल आवागमन संभव हो सके।
नागरिकों से ग्रीन मोबिलिटी अपनाने की अपील
श्री केशव चंद्रा ने कर्मचारियों और नागरिकों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में पैदल चलने, साइकिल चलाने, कारपूलिंग और सार्वजनिक एवं इलेक्ट्रिक परिवहन जैसे विकल्पों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
एनडीएमसी ने पुनः दोहराया कि वह “ग्रीन इंडिया” और “सतत शहरी विकास” के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा l