पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित मंगल बाजार क्षेत्र में इन दिनों भीषण पानी संकट से स्थानीय निवासी और व्यापारी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सुबह और शाम केवल आधे घंटे ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
मंगल बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान (पूर्व) एवं आरडब्ल्यूए लक्ष्मी नगर के पदाधिकारी अश्वनी कपूर ने कहा कि क्षेत्र में लगातार पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने सांसद, विधायक और पार्षद से जल्द हस्तक्षेप कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की।
स्थानीय नागरिकों ने दिल्ली जल बोर्ड से नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।