श्रमण संघीय अमृत महोत्सव वर्ष के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रमों को नई दिशा और मजबूती मिलने जा रही है। श्री ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस, नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अतुल जी जैन द्वारा समाजरत्न श्री सुभाष ओसवाल जी जैन को “श्रमण संघीय अमृत महोत्सव राष्ट्रीय आयोजन समिति” के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने पर जैन समाज में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
श्री सुभाष ओसवाल जी जैन लंबे समय से संघ एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के प्रेरणास्रोत एवं कुशल संगठक के रूप में विख्यात हैं। उनके नेतृत्व एवं अनुभव से अमृत महोत्सव वर्ष को भव्यता, गरिमा एवं संघीय एकता का नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि उनका अनुभव और समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है।
राष्ट्रीय प्रचार मंत्री वनिता लोढ़ा ने भी शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्री सुभाष ओसवाल जी के अनुभवी मार्गदर्शन में अमृत महोत्सव वर्ष समाज में एकता, संस्कृति और सेवा का प्रतीक बनेगा।
समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं ने इस मनोनयन का स्वागत करते हुए इसे जैन समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।