नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित कॉर्नर मार्केट क्षेत्र में अवैध होटल और गेस्ट हाउसों के संचालन को लेकर वर्षों पहले उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं को हालिया भीषण हादसे ने एक बार फिर सही साबित कर दिया है। इस मुद्दे को लेकर वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व दक्षिणी दिल्ली ब्यूरो प्रमुख (दैनिक हिन्दुस्तान) राकेश कुमार सिंह ने समय रहते प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित किया था।
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जब उनका कार्यालय कॉर्नर मार्केट, मालवीय नगर में स्थित था, तब उन्होंने क्षेत्र में संचालित अवैध होटल एवं गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि नियमों का पालन नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हाल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत ने उन आशंकाओं को वास्तविकता में बदल दिया। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध निर्माण, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो शायद कई परिवार आज इस त्रासदी से बच सकते थे। उन्होंने मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और प्रशासन को समय रहते सचेत करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।
उन्होंने मांग की कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा राजधानी में संचालित सभी होटल, गेस्ट हाउस और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।