हरिद्वार, 7 जून। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान “हर महीने प्रथम रविवार, दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के नाम” के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं युग पुरुष पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की 36वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान तथा स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों एवं शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हरिद्वार जिले में आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क, जटवाड़ा पुल (ज्वालापुर), वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद तथा हरिद्वार में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क, जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर में संपन्न हुआ, जहां प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार मदन लाल एवं संगठन के अध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

कार्यक्रम में शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा तथा पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों तथा स्थानीय नागरिकों ने पुष्पांजलि समर्पित की।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी ने कहा कि देश के 23 राज्यों में मातृशक्ति मंच एवं युवा मंच के गठन से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने भारत को विश्वगुरु बनाने की आधारशिला रखी और उनके योगदान को देखते हुए समिति ने भारत सरकार से उन्हें भारत रत्न प्रदान करने की मांग की है।
राष्ट्रपति सम्मानित हरित ऋषि विजय पाल सिंह बघेल ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के वास्तविक अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में उनका योगदान अद्वितीय रहा है।
नायब तहसीलदार मदन लाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महान परिवारों की सेवा करना गौरव का विषय है। वहीं चेतना पथ मासिक पत्रिका के संपादक अरुण कुमार पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को संगठित करने का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम में सुरेश चंद्र सुयाल, अर्जुन सिंह राणा, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कैलाश चंद्र वैष्णव, प्रमेश चौधरी, जोगिंद्र तनेजा, वेद प्रकाश आर्य, अरुण कुमार पाठक, विजय पाल सिंह बघेल, वीरेन्द्र गहलोत, शिवेंद्र गहलोत, नरेंद्र कुमार वर्मा, रमेश चंद गुप्ता, हरगोविंद तिवारी, बिजेंद्र सिंह तथा अमित कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।