छाया : सहित गौड़
नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को मंदिर मार्ग स्थित बुद्ध विहार पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन एवं पूजन किए। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी उनके साथ उपस्थित रहे।
बुद्ध विहार पहुंचने पर देवेंद्र यादव ने श्री खरगे का पौधा भेंट कर स्वागत किया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
दर्शन-पूजन के उपरांत श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “बुद्धम् शरणम् गच्छामि। भगवान बुद्ध की कृपा हम सभी पर बनी रहे, यही प्रार्थना है।” उन्होंने देश में शांति, सद्भाव, करुणा और सामाजिक सौहार्द की कामना करते हुए भगवान बुद्ध के संदेशों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बुद्ध विहार में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का शांति, अहिंसा और मानवता का संदेश आज के सामाजिक परिवेश में और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है तथा समाज को एकजुट रखने में उनकी शिक्षाएं प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, बुद्ध अनुयायी एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बुद्ध के समक्ष देश की सुख-समृद्धि, शांति और सामाजिक एकता की प्रार्थना की।