
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाना क्षेत्र स्थित मोहन पार्क में वाहन चोरों के एक हाईटेक गैंग ने घर के नीचे खड़ी कार को कुछ ही मिनटों में चोरी कर फरार होने की घटना को अंजाम दिया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 1:38 बजे एक नकाबपोश बदमाश घर के नीचे खड़ी होंडा सिटी कार के पास पहुंचा और पहले कार का लॉक खोलने का प्रयास किया। लॉक खुलते ही कार का सेंसर अलार्म बजने लगा। इसके बाद आरोपी पीछे खड़ी एक अन्य कार के पास गया, जहां उसका एक साथी पहले से मौजूद था। वहां से उसने एक डिजिटल डिवाइस लिया और वापस आकर कार के सुरक्षा सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बदमाश ने आधुनिक डिजिटल उपकरण की मदद से कुछ ही मिनटों में कार का इंजन स्टार्ट कर लिया। इस दौरान उसका साथी आसपास की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। इंजन स्टार्ट होते ही दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित मनोज नय्यर ने शाहदरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने के मार्ग और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे वाहन मालिकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और वाहनों में अतिरिक्त सुरक्षा उपकरण लगाने की सलाह दी है।