इस्पात उपभोक्ता मंच (Steel Consumer Forum) ने हरियाणा में संगठन के विस्तार और उपभोक्ता हितों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रीमती अर्पिता बंसल को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा नई दिल्ली स्थित संगठन के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान की गई।
इस अवसर पर मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता शर्मा ‘प्रेम’ तथा राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. संतोष राय ने अर्पिता बंसल को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में संगठन की गतिविधियों को नई गति और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में हरियाणा राज्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती भावना बजाज भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अर्पिता बंसल की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन की पहुंच राज्य के विभिन्न जिलों तक और अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ेगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्पिता बंसल की प्रमुख जिम्मेदारी हरियाणा में स्टील उद्योग से जुड़े उद्योगपतियों, उत्पादकों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। संगठन के अनुसार उनका विशेष फोकस ग्रीन स्टील, स्मार्ट स्टील और एडवांस स्टील तकनीकों को बढ़ावा देने पर रहेगा, जिससे उद्योग आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल दिशा में आगे बढ़ सके।
इसके साथ ही हरियाणा में स्टील कारोबार से जुड़े उद्यमियों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। मंच का उद्देश्य तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए उद्योग और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन स्थापित करना है।
अर्पिता बंसल ने अपनी नियुक्ति पर संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह हरियाणा में स्टील क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को एक मंच पर लाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता और संवाद को बढ़ावा देकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष निवेदिता शर्मा ‘प्रेम’ ने कहा कि ग्रीन स्टील जैसी टिकाऊ पहलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के लिए मंच निरंतर कार्य करेगा। वहीं राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. संतोष राय ने विकसित भारत के निर्माण में उद्योग क्षेत्र की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और उपभोक्ता हितों के संरक्षण के माध्यम से स्टील क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
हरियाणा राज्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता भावना बजाज ने कहा कि संगठन उपभोक्ताओं की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अर्पिता बंसल के नेतृत्व में हरियाणा इकाई नई उपलब्धियां हासिल करेगी।
उल्लेखनीय है कि इस्पात उपभोक्ता मंच देशभर में स्टील क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, बेहतर व्यावसायिक संचालन, उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा तथा उद्योग और उपभोक्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।