यूनाइटेड सिख फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरदीप सिंह साहनी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन करते हुए कहा है कि कुछ लोग राजनीतिक पूर्वाग्रह के चलते व्यापारियों और आम जनता के बीच अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग, जो मोदी सरकार के अंधसमर्थक हैं और मार्केट एसोसिएशनों के पदों पर बैठे हैं, राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर यह प्रचार कर रहे हैं कि इससे रामलीला मैदान के आसपास के बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। जबकि उन्हें वास्तविक स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए।
साहनी ने कहा कि संबंधित तारीख का कैलेंडर देखने से स्पष्ट है कि 1 नवंबर को रविवार है और रामलीला मैदान के आसपास स्थित अधिकांश थोक मंडियां रविवार को बंद रहती हैं। ऐसे में व्यापार को नुकसान होने की आशंका का हवाला देकर जनता के अधिकारों से जुड़े कार्यक्रम पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। ऐसे जनहित के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर विचार किया जाना चाहिए।
गुरदीप सिंह साहनी ने राहुल गांधी के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा, “आप अपना संघर्ष जारी रखिए। यूनाइटेड सिख फ्रंट और हमारे सभी कार्यकर्ता जनता के अधिकारों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की इस लड़ाई में आपके साथ मजबूती से खड़े हैं।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 1 नवंबर को रामलीला मैदान पहुंचकर जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की।
साहनी ने स्पष्ट संदेश दिया—न झुकेंगे, न रुकेंगे, जनता की आवाज बुलंद करेंगे।