गुरुग्राम में तीन दिवसीय शिविर शुरू, पहले दिन 145 पेंशनर्स को मिली राहत
बुजुर्ग पेंशनर्स की परेशानी दूर करने के लिए केनरा-सिंडिकेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों की संस्था CBSPRA ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर की शुरुआत की है। वैश्य समाज धर्मशाला, सेक्टर-4 में 3 से 5 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को घर के नजदीक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
संस्था के रीजनल सेक्रेटरी विजय अग्रवाल ने बताया कि नवंबर माह में पेंशनर्स को वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होता है। अधिक उम्र, बीमारी और आवागमन की परेशानी के कारण अनेक वरिष्ठ नागरिकों को इसमें कठिनाई होती है। संस्था कई वर्षों से ऐसे शिविर लगाकर उनकी मदद कर रही है।
शिविर का उद्घाटन गुरुग्राम के डिप्टी मेयर अनूप भांभू ने किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। भांभू ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज सेवा में जुटे अधिकारियों का प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है।
पहले दिन सेक्टर-4, सेक्टर-7, कृष्णा कॉलोनी, न्यू कॉलोनी और सूर्य विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 145 पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा किए गए। संस्था ने बताया कि चलने-फिरने में असमर्थ और बीमार बुजुर्गों के घर जाकर भी यह सुविधा दी जाएगी।
वाइस प्रेसिडेंट सुरेश रस्तोगी ने बताया कि जनहित में भविष्य में गुरुग्राम के अन्य क्षेत्रों में भी शिविर लगाए जाएंगे। ईपीएफओ पेंशन प्राप्त करने वाली महिला पेंशनर्स ने इस सुविधा के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि पहले प्रमाण पत्र के लिए सेक्टर-42 कार्यालय जाना पड़ता था, जबकि शिविर में यह काम महज पांच मिनट में हो रहा है।
कार्यक्रम में वैश्य समाज के चेयरमैन सुंदर दास अग्रवाल, केंद्रीय समिति सदस्य सतीश वत्स, विजय अग्रवाल, राजिंदर अरोड़ा, सुभाष नागपाल, अशोक कपूर सहित संस्था और वैश्य समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।