नवयुवा अहिरवार समिति, ग्राम गोराड़िया के तत्वावधान में श्री गुरु रविदास जयंती का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक शाला स्कूल के मैदान से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई सभा स्थल पर पहुंचकर एक विशाल जनसभा में परिवर्तित हो गई।


कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लक्ष्मण सिंह सिलोटे (जिला रोजगार अधिकारी) ने बताया कि इस आयोजन में दिल्ली से पधारे मुख्य अतिथि पटेल रामदास मंडराई (पूर्व जनरल प्रधान, रविदास समाज सभा समिति, दिल्ली प्रदेश) ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “वर्ष में केवल एक बार गुरु जयंती मनाने से हम सच्चे गुरु भक्त नहीं बन सकते। गुरु रविदास जी की वाणी और विचारों का प्रचार-प्रसार साहित्य के माध्यम से घर-घर पहुंचाना आवश्यक है।”

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सम्माननीय राम सिंह रंगीले, सम्माननीय ओमप्रकाश आर्य, ग्राम सरपंच सम्माननीय मुकेश सावनेर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन बनवारी लाल निमोरे द्वारा किया गया। साथ ही श्रीमती अरुणा बरखेड़े की गरिमामयी उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को गुरु रविदास जी का प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया।