नई दिल्ली। नागरिकों के प्रति उत्तरदायी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने जय सिंह रोड स्थित एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर में ‘सुविधा शिविर’ का सफल आयोजन किया।

यह शिविर एनडीएमसी क्षेत्र के निवासियों और सेवा उपभोक्ताओं के लिए एकल खिड़की (सिंगल विंडो) व्यवस्था के तहत आयोजित किया गया, जहां शिकायत निवारण, जानकारी और विभिन्न सेवाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
शिविर में नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली और कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं। इन शिकायतों को संबंधित विभागों द्वारा तत्काल निस्तारण के लिए लिया गया। प्रमुख शिकायतें कार्मिक, सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, वाणिज्य, कर एवं संपत्ति विभागों से जुड़ी रहीं। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न सेवाओं के संबंध में जानकारी और मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

शिविर की खास बात नागरिकों और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद (फेस-टू-फेस इंटरेक्शन) रहा, जिससे पारदर्शिता और त्वरित निर्णय प्रक्रिया को बढ़ावा मिला। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी दी गई।
इस आयोजन में 30 से अधिक विभागों के 100 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी सहायता केंद्रों की निगरानी संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा की गई, जो एनडीएमसी की जवाबदेह कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
डिजिटल सेवाओं को मजबूत करते हुए एनडीएमसी ने ‘जन सुविधा पोर्टल’ भी शुरू किया है, जो संपर्क-रहित शिकायत निवारण मंच है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, उसकी स्थिति रियल-टाइम में देख सकते हैं और फीडबैक भी दे सकते हैं।
इसके अलावा एनडीएमसी ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राप्त शिकायतों की भी नियमित निगरानी कर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
‘सुविधा शिविर’ और ‘जन सुविधा पोर्टल’ जैसी पहलें एनडीएमसी के उस संकल्प को मजबूत करती हैं, जिसमें नागरिकों को शासन के केंद्र में रखकर सुलभ, प्रभावी और जनहितैषी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।