नई दिल्ली। ‘हिंद दी चादर’ के रूप में विख्यात सिखों के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखा गया। धर्म एवं मानवता के सिद्धांतों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले गुरु तेग बहादुर साहिब जी को विभिन्न संगठनों और समाज के लोगों ने नमन किया।
इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी गुरचरण सिंह राजू ने देशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी का जीवन त्याग, साहस और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गुरु जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में गुरु तेग बहादुर साहिब जी के आदर्श और भी प्रासंगिक हो गए हैं, जो हमें सत्य, न्याय और मानवता के लिए खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।