नई दिल्ली। देशभर के ब्राह्मण समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं आध्यात्मिक उत्थान के उद्देश्य से अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ एवं विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद द्वारा एक विशेष समन्वय बैठक का आयोजन 15 मई 2026, शुक्रवार को गुरुग्राम में किया जाएगा।
यह बैठक माननीय कलराज मिश्र (पूर्व राज्यपाल, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश), राज्यसभा सदस्य डॉ. मेधा कुलकर्णी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री पं. अश्विनी कुमार चौबे के मार्गदर्शन एवं श्री श्री सुगुणेंद्र तीर्थ महास्वामीजी, पुत्तीगे मठ, उडुपी के आशीर्वाद में आयोजित की जा रही है।
आयोजकों के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय ब्राह्मण संगठनों के प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन यदि सभी संगठन एक मंच पर आकर साझा न्यूनतम कार्यक्रम (Common Minimum Programme) के तहत कार्य करें तो समाजहित में प्रभाव कई गुना बढ़ सकता है।
बैठक में विशेष रूप से निर्धन ब्राह्मण परिवारों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, कोचिंग एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, कमजोर वर्गों के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा समाज के प्रभावी प्रतिनिधित्व जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही एक सामूहिक रोडमैप तैयार करने पर भी विचार-विमर्श होगा।
विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सतीश शर्मा एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष डॉ. गोविंद कुलकर्णी ने देशभर के ब्राह्मण संगठनों से इस महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
बैठक 15 मई 2026 को प्रातः 10 बजे हार्मनी क्लब, जी-99, सेक्टर-99, द्वारका एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम में आयोजित होगी।