नई दिल्ली। करवां फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य कराओके सिंगिंग एंड डांसिंग शो का सफल आयोजन निरमान विहार स्थित एसएसएस स्टूडियो में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उभरते हुए गायकों और कलाकारों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया तथा दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम का आयोजन नए गायन एवं नृत्य प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। प्रतिभागियों ने बॉलीवुड, सूफी, भक्ति एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगीत प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

करवां फाउंडेशन के संस्थापक रमेश मल्होत्रा (मुल्तानी जी) एवं ट्रस्टी हरमेश हनी मल्होत्रा ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम में संजय शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी कला को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर कई कलाकारों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं आयोजकों के सामूहिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। करवां फाउंडेशन ने आगामी दिनों में और भी बड़े सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।