सभी फोटो : सहित गौड़
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को नई दिल्ली के मंदिर मार्ग स्थित बुद्ध विहार में पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन-पूजन किए और देश में शांति, सद्भाव तथा करुणा के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
बुद्ध विहार पहुंचने पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने श्री खरगे का पौधा भेंट कर स्वागत किया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देने के उद्देश्य से यह विशेष भेंट की गई। श्री खरगे ने इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

दर्शन-पूजन के उपरांत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “बुद्धम् शरणम् गच्छामि। भगवान बुद्ध की कृपा हम सभी पर बनी रहे, यही मेरी प्रार्थना है।” उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति और सामाजिक समरसता की कामना करते हुए भगवान बुद्ध के करुणा, अहिंसा और मानवता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बुद्ध विहार में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा, “भगवान बुद्ध द्वारा दिया गया शांति, प्रेम, करुणा और अहिंसा का संदेश आज के दौर में पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। समाज में भाईचारा, सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए बुद्ध के विचार प्रेरणास्रोत हैं।”

कार्यक्रम के दौरान बुद्ध विहार परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा स्थानीय श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने भगवान बुद्ध के समक्ष देश की उन्नति, सामाजिक सौहार्द और विश्व शांति की प्रार्थना की।
बुद्ध विहार में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम ने श्रद्धा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को भगवान बुद्ध के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।