नोएडा/जासं। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने कहा है कि यदि उन्हें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सेवा का अवसर मिलता है तो वह पूर्ण समर्पण, निष्ठा और आस्था के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ टीवी चैनलों और मित्रों के माध्यम से इस संबंध में जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी का नाम श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन हेतु गठित तीन सदस्यीय समिति में शामिल किए जाने की चर्चाओं के बीच सामने आया है।
विष्णुकांत चतुर्वेदी भारतीय सेना में डायरेक्टर मैनपावर प्लानिंग एंड पर्सनल सर्विसेज के पद से 31 मई 2011 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेना से अवकाश प्राप्ति के बाद उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्यापन कार्य भी किया। वर्तमान में वह नोएडा के सेक्टर-82 स्थित विवेक विहार में निवास कर रहे हैं।
वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद के अखिल भारतीय चेयरमैन के रूप में भी सक्रिय हैं तथा भारतीय स्टेट बैंक में सलाहकार की भूमिका निभा चुके हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से संबंध रखने वाले चतुर्वेदी परिवार की जड़ें फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ स्थित भोलेपुर क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं।
परिवार के सदस्यों के अनुसार विष्णुकांत चतुर्वेदी की भगवान हनुमान में गहरी आस्था है। जब भी वह अपने पैतृक क्षेत्र में आते हैं तो स्थानीय हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन अवश्य करते हैं। उनके छोटे भाई विवेक चतुर्वेदी ने इसे परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
यदि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलती है तो यह उनके लंबे सैन्य अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक योगदान की एक नई पहचान होगी।