पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना को साफ-सफाई एवं उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा सम्मानित किए जाने की उपलब्धि पर थाना अध्यक्ष श्री अजीत कुमार झा के सम्मान में हरिभाई कॉम्प्लेक्स, लक्ष्मी नगर में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसीपी अशोक कुमार उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता साईं बाबा मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने की। इस अवसर पर पूर्व पार्षद श्रीमती वरयाम कौर, एडवोकेट हरीश गोला, राष्ट्र टाइम्स के संपादक एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार संघ (रजि.) के अध्यक्ष विजय शंकर चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में एसीपी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लक्ष्मी नगर थाना की टीम द्वारा स्वच्छता, अनुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम है।
श्रीमती वरयाम कौर ने कहा कि लक्ष्मी नगर थाना को मिला यह सम्मान पूरे पूर्वी दिल्ली क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि थाना पुलिस द्वारा स्वच्छता, अनुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में किए गए प्रयास अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक हैं।
विजय शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का संबंध लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि अजीत कुमार झा के नेतृत्व में लक्ष्मी नगर थाना जनसेवा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर साईं बाबा मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने एसीपी अशोक कुमार एवं थाना अध्यक्ष अजीत कुमार झा का शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। उपस्थित अतिथियों ने भी दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन एडवोकेट हरीश गोला ने किया। उन्होंने अपने कुशल संचालन से समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाए रखा। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिसके साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।