महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार, महिला सुरक्षा और नारी न्याय के मुद्दों को लेकर दिल्ली के कनॉट प्लेस में दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से कैंडल मार्च एवं जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा तथा दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सतबीर सिंह ने किया।
इस दौरान महिलाओं ने बढ़ते अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए महिला अधिकारों की रक्षा, नारी न्याय सुनिश्चित करने और सरकार की कथित मनमानी पर रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोरी’, ‘नारी न्याय’ और ‘सरकार की मनमानी अब नहीं चलेगी’ जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के खिलाफ देश को जागरूक करना और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना आज बेहद आवश्यक है। उन्होंने महिला सुरक्षा, सम्मान और न्याय को लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कसौटी बताते हुए महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सतबीर सिंह सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शन का मुद्दा और अधिक चर्चा में आ गया।
महिला कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और न्याय के सवालों पर चुप नहीं रहा जा सकता। संगठन ने महिलाओं के प्रति अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष जारी रखने और जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया।