दिल्ली सरकार के जिलाधिकारी कार्यालय, पूर्वी जिला द्वारा दिल्ली नगर निगम सामुदायिक भवन में दो दिवसीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्य अतिथि विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओम प्रकाश शर्मा थे। उनका स्वागत उप-मंडल मजिस्ट्रेट (SDM) अमोद भर्त्वाल ने किया।
शिविर में दिल्ली सरकार के लगभग 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी और सुविधाएँ उपलब्ध कराईं।
महानिदेशालय स्वास्थ्य सेवाएँ (DGHS), दिल्ली सरकार की ओर से शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं। इनमें टीबी की जाँच के लिए एक्स-रे, टीबी स्क्रीनिंग एवं परामर्श, रक्तचाप और मधुमेह की जाँच, गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग, आधार कार्ड संबंधी सेवाएँ, हीमोग्लोबिन की जाँच, दंत परीक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य परामर्श शामिल रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हुए। मुख्य जिला चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप गौतम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के कार्यों की सराहना की।
शिविर के सफल आयोजन और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में डॉ. सचिन हरित, डॉ. मनीष, डॉ. नेहा, डॉ. हर्ष, ऋतु, सुनीता, अवतार, शीतल, अशोक, नियांग तथा आशा कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया। संबंधित अधिकारियों ने भी टीम के प्रयासों की सराहना की।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुँचाना रहा।