
दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग द्वारा कथित वोट चोरी के खिलाफ बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। उन्होंने घर-घर जाकर जनता को भाजपा की सुनियोजित साजिश के बारे में अवगत कराया और वोट चोरी के खिलाफ उनके हस्ताक्षर लिए।
हस्ताक्षर अभियान में युवा, दुकानदार, रेहड़ी-पटरी, नाई, मोची, मजदूर और सड़क किनारे ढाबा लगाने वाले लोग भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने बताया कि इस अभियान को दिल्ली की जनता से अच्छा रुझान मिल रहा है। इसी दौरान 1-4 अक्टूबर के बीच ब्लॉक कांग्रेस कमिटी की मासिक बैठकों में भी वोट चोरी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की गई। इस अभियान में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी शामिल हैं।

कार्यक्रम का आयोजन बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन ने किया। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी श्री काजी निजामुद्दीन, पूर्व विधायक भीष्म शर्मा, हाजी भूरे खान, यूनूस, अब्दुर रहमान, निगम पार्षद हाजी जरीफ, प्रभारी मनोज यादव, जिला आर्बिट्रेटर डा0 पी0के0 मिश्रा, अशोक बसौया, ईश्वर बागड़ी, मोहम्मद उस्मान, चौ0 अजीत सिंह, प्रिया जंयत, रोहिणी सिंह, सभी ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” के नारे भी लगाए।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र में अपराध है, जिससे भाजपा और चुनाव आयोग ने जनता के संवैधानिक अधिकारों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी ने दो विधानसभाओं के उदाहरण के माध्यम से वोट चोरी के षड्यंत्र को उजागर किया और यह साबित हुआ कि भाजपा संगठित तरीके से वोट चोरी कर रही है।

देवेन्द्र यादव ने आगे कहा कि वोट चोरी रोकने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश और दिल्ली के युवाओं को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए सरकारी एजेंसियों के साथ षड्यंत्र किया और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया।
श्री काजी निजामुद्दीन ने कहा कि देश का युवा अब समझ चुका है कि असली लड़ाई नौकरियों की नहीं, बल्कि वोट चोरी के खिलाफ है। जब तक चुनाव में वोट चोरी होती रहेगी, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज का युवा न नौकरी की लूट सहने वाला है, न वोट चोरी को बर्दाश्त करेगा। वोट चोरी से मुक्त देश ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में बेरोज़गारी का सबसे बड़ा कारण भी वोट चोरी है, जिससे बेरोज़गारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर पहुँच चुकी है।