मनीष चतुर्वेदी
नीमच जिले के ग्राम राणपुर में एक दुखद हादसे में जान गंवाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कंचन बाई मेघवाल के परिवार को प्रदेश सरकार से बड़ी राहत मिली है। क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता की सक्रिय पहल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशीलता के परिणामस्वरूप पीड़ित परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता तथा बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाने का निर्णय लिया गया है।
दिल्ली में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सांसद ने रखा मामला: हाल ही में दिल्ली प्रवास के दौरान सांसद सुधीर गुप्ता ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर नीमच जिले के ग्राम राणपुर में मधुमक्खियों के हमले से हुई कंचन बाई मेघवाल की असामयिक एवं हृदयविदारक मृत्यु की जानकारी दी। सांसद ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कंचन बाई परिवार की एकमात्र कमाऊ सदस्य थीं और उनके निधन से परिवार विशेषकर छोटे बच्चों का भविष्य संकट में पड़ गया है।
मुख्यमंत्री ने तत्काल सहायता की घोषणा : सांसद द्वारा रखे गए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल मानवीय आधार पर सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा—
“नीमच जिले के ग्राम राणपुर में मधुमक्खियों के डंक से आंगनवाड़ी में कार्यरत बहन कंचन बाई मेघवाल जी का असमय निधन अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। मैंने परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने तथा उनके बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने के निर्देश दिए हैं।”
क्षेत्र में सांसद की सक्रियता की सराहना : पीड़ित परिवार की व्यथा को शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुँचाने के लिए सांसद सुधीर गुप्ता की पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण ही एक गरीब परिवार को समय पर आर्थिक संबल और भविष्य की सुरक्षा मिल सकी।