इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में 4 से 8 फरवरी 2026 तक आयोजित 5वें इंडिया ओपन इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कप 2026 में युवा किकबॉक्सर सौम्या भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर वर्ल्ड रैंक 1 का गौरव हासिल किया।


10 से 12 वर्ष आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रहीं सौम्या ने -32 किलोग्राम वजन वर्ग में अपनी उत्कृष्ट तकनीक और दमदार खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने
पॉइंट फाइट (-32 किग्रा),
किकलाइट (-32 किग्रा) तथा
पॉइंट फाइट प्रोफेशनल गाला फाइट (37 किग्रा वर्ग)
में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इस शानदार उपलब्धि पर सौम्या भारद्वाज को ₹51,000 के नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। सौम्या एक ब्लैक बेल्ट किकबॉक्सर हैं और कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

सौम्या की इस सफलता में उनके कोच संतोष कुमार अग्रवाल का विशेष योगदान रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
सौम्या भारद्वाज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और आयोजकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी यह सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।