दिल्ली, लक्ष्मी नगर। जगत राम पार्क बस्ती, लक्ष्मी नगर में रविवार, 8 फरवरी को आयोजित विराट हिन्दू महोत्सव ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया। पूर्णतः स्थानीय नागरिकों द्वारा आयोजित इस महोत्सव में 2000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रचेतना से जोड़ना रहा। महोत्सव की शुरुआत दीप प्रज्वलन, भारत माता पूजन और गणेश वंदना से हुई।


इसके पश्चात राजस्थानी व देशभक्ति नृत्य, राष्ट्रगीत, भजन, कव्वाली, काव्यपाठ, नाट्य प्रस्तुति, योग प्रदर्शन एवं प्रेरक वक्तव्यों ने समूचे वातावरण को राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कर दिया। विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

\बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और संस्कारों का विकास हुआ। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति ही सशक्त भारत की आधारशिला हैं।
स्थानीय नागरिकों के सहयोग, अनुशासित व्यवस्थाओं और व्यापक जनभागीदारी के चलते विराट हिन्दू महोत्सव एक सफल, प्रेरणादायक और ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध हुआ।