नई दिल्ली। परम श्रद्धेय गोऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज द्वारा स्थापित एवं संचालित विश्व के सबसे बड़े गोसेवा संस्थान श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास में नवीन गोआवास के उद्घाटन अवसर पर दिल्ली के समाजसेवी एवं गोभक्त राकेश बिंदल को संस्थान का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित भव्य समारोह 11 मार्च को संपन्न होगा, जिसमें भारत के 14वें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की गरिमामयी उपस्थिति में राकेश बिंदल राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यग्रहण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विश्व के प्रथम गोपाल कॉरिडोर के कार्यारंभ की भी घोषणा की जाएगी।
संस्था के सीईओ एवं प्रभारी आलोक सिंघल ने बताया कि राकेश बिंदल लंबे समय से विभिन्न सेवा संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। समाज सेवा और गोसेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए संतों एवं गोभक्तों द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर वे स्वयं को अत्यंत अभिभूत महसूस कर रहे हैं।
आलोक सिंघल ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य अपेक्षित, तिरस्कृत, प्रताड़ित, निराश्रित, भूख-प्यास से पीड़ित तथा असाध्य रोगों या दुर्घटनाओं से ग्रसित गोवंश को संरक्षण प्रदान करना है। इस विशाल गोशाला में वर्तमान में लगभग 1 लाख 60 हजार गायों की सेवा की जाती है, जिनमें से केवल लगभग 800 गायें ही दुग्ध देती हैं, जबकि शेष बीमार, वृद्ध और असहाय गायों की देखभाल एवं उपचार किया जाता है।
इस अवसर पर सत्यभूषण जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने राकेश बिंदल को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि वे इस पद के लिए पूर्णतः योग्य हैं और वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा और ईमानदारी से निभाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा मानव सेवा से भी बढ़कर मानी जाती है, क्योंकि मनुष्य अपनी पीड़ा व्यक्त कर सकता है, लेकिन गाय अपनी पीड़ा नहीं बता सकती। ऐसे में उनकी पीड़ा को समझकर सेवा करना ही सच्ची गोसेवा है।