- इशिका बिष्ट
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेदांता – द मेडिसिटी, गुरुग्राम और फैबइंडिया लिमिटेड ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। इस सहयोग की शुरुआत वसंत कुंज स्थित फैबइंडिया एक्सपीरियंस सेंटर में आयोजित कार्यक्रम “द वे शी थिंक्स” से हुई।
कार्यक्रम के दौरान मेदांता गुरुग्राम की सीनियर डायरेक्टर (ब्रेस्ट कैंसर) डॉ. कंचन कौर ने स्तन कैंसर की समय पर जांच और शुरुआती पहचान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित स्क्रीनिंग और स्वयं स्तन परीक्षण (सेल्फ-ब्रेस्ट एग्जामिनेशन) से कैंसर का पता शुरुआती चरण में लगाया जा सकता है, जिससे इलाज की सफलता और जीवन बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। भारत जैसे संसाधन सीमित देशों में यह तरीका बेहद महत्वपूर्ण है।

इस पहल के तहत इस सप्ताह वसंत कुंज स्थित फैबइंडिया एक्सपीरियंस सेंटर आने वाले ग्राहकों को एक अवेयरनेस कार्ड दिया जाएगा, जिसमें एक क्यूआर कोड होगा। इसे स्कैन करने पर डॉक्टर द्वारा स्तन कैंसर से संबंधित जागरूकता वीडियो देखा जा सकेगा। यह कार्यक्रम फैबइंडिया के कारीगरों और ग्रामीण समुदायों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को जमीनी स्तर तक फैलाया जा सके।
स्तन कैंसर दुनिया भर में महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है और हर चार में से एक महिला कैंसर का मामला स्तन कैंसर से जुड़ा होता है। भारत भी इस बीमारी से प्रभावित देशों में शामिल है, इसलिए जागरूकता और समय पर जांच बेहद जरूरी है।
फैबइंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य ग्राहकों, कारीगरों और कर्मचारियों सहित महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाना है। इसी क्रम में मेडांटा को फैबफैमिली के ‘शेयर्ड वैल्यू कम्युनिटी पार्टनर’ के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे सदस्य अपने फैबकॉइन्स के माध्यम से मेडांटा की स्वास्थ्य सेवाएं बुक कर सकेंगे।
दोनों संस्थाएं भविष्य में प्रोस्टेट कैंसर, ओरल कैंसर और समग्र स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी चलाने की योजना बना रही हैं। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ और पटना के फैबइंडिया स्टोर्स में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस पहल की एक खास विशेषता “पिंक रूम” होगी, जो महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार ट्रायल रूम होगा। इसमें स्तन कैंसर से जुड़ी सरल और उपयोगी जानकारी दी जाएगी, ताकि महिलाएं अपने दैनिक जीवन के दौरान भी अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें।