राकेश थपलियाल
श्याम लाल कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन एवं मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को एकतरफा मुकाबले में 7-1 से हराकर पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी टूर्नामेंट (पुरुष वर्ग) का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान श्याम लाल कॉलेज की टीम पूरी तरह हावी रही और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। विजेता टीम की ओर से प्रत्युष सिंह जग्गी और पंकज ने दो-दो गोल किए, जबकि नंद किशोर, नवीन और मनमोहन ने एक-एक गोल कर जीत सुनिश्चित की। खालसा कॉलेज के लिए रुशिल ने एकमात्र गोल किया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्याम लाल कॉलेज के खिलाड़ी रोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व हॉकी ओलंपिक कप्तान एवं पद्मश्री से सम्मानित ज़फर इक़बाल, दिल्ली शिक्षा निदेशालय के उपनिदेशक (खेल) एस. सुनील, प्रसिद्ध कमेंटेटर एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रवि चतुर्वेदी, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार विजेता हॉकी इतिहासकार के. अरुमुगम तथा श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज की डायरेक्टर (फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) इंदरप्रीत कौर ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पदक प्रदान किए। टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मोहम्मद कामिल (श्याम लाल कॉलेज), सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर सौरभ (खालसा कॉलेज), सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर सागर (हंसराज कॉलेज) और सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड व सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार प्रत्युष सिंह जग्गी (श्याम लाल कॉलेज) को दिया गया। वहीं, टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब राहुल शर्मा (खालसा कॉलेज) ने हासिल किया।
होनहार और प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए “पोटेंशियल अनलीश्ड टीम अवार्ड” हंसराज कॉलेज को प्रदान किया गया। टूर्नामेंट के प्रायोजक पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी), अयोथ वेदा, एसएनएस और एच.एस. स्पोर्ट्स रहे। इस अवसर पर ज़फर इक़बाल ने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देते हुए हॉकी को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।