यमुना परिवार काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित यमुने महारानी जन्मोत्सव का भव्य कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यमुना साधक एवं भक्तगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन काउंसिल के निदेशक कपिल गर्ग द्वारा किया गया।


कार्यक्रम में अहमदाबाद (गुजरात) से पधारे सुप्रसिद्ध प्रवक्ता परम पूज्य वैष्णव हृदय सम्राट वैष्णवाचार्य 108 युदनाथ जी ने ‘यमुना कथा’ का अमृतपान कराते हुए उपस्थित भक्तों में माँ यमुना के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति भाव का संचार किया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कलाकार विक्की उपाध्याय द्वारा कृष्ण-कालिंदी विवाह की मनमोहक प्रस्तुति दी गई तथा उनके मधुर भजनों ने वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। इस दिव्य आयोजन में अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक एवं विश्वविख्यात संत आचार्य डॉ. लोकेश मुनि की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन न केवल भावनाओं को जागृत करते हैं, बल्कि माँ यमुना के प्रति समर्पण की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने काउंसिल को आश्वस्त किया कि यमुना जी के कायाकल्प हेतु वे निरंतर सहयोग देते रहेंगे। आचार्य मधुसूदन शास्त्री (वृंदावन) ने भी माँ यमुना की स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के लिए सभी भक्तों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस दौरान वैष्णवाचार्य युदनाथ जी ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को माँ यमुना स्वच्छता शपथ भी दिलाई।


कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाते हुए भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा के शुभकामना संदेश भी प्राप्त हुए। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रधान मुख्य लेखा नियंत्रक विजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक डॉ. विजय जौली, सुरेन्द्र बिधूड़ी, इस्कॉन से बलभद्र दास प्रभु एवं महामंत्र दास प्रभु, महेन्द्र शर्मा, महंत वैभव गुरु, वासुदेव गर्ग, राजेश वर्मा, डॉ. एस.एस. अग्रवाल, रंजना गर्ग सहित अनेक गणमान्य अतिथि, संत एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
काउंसिल के निदेशक कपिल गर्ग ने सभी अतिथियों, संतों एवं कार्यकर्ताओं का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और कहा कि माँ यमुना की सेवा ही हमारा मूल लक्ष्य है, जिसे समाज के सभी वर्गों के सहयोग से निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में आदर्श कुमार गेंद, प्रवेश अग्रवाल, राहुल गुप्ता, मुकेश सोलंकी, कंचन गर्ग, योगेश टंडन सहित अनेक कार्यकर्ता एवं यमुना साधक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।