देशबंधु अध्यक्ष, जितेन्द्र रघुवंशी पुनः महासचिव और द्विजेन्द्र मोहन शर्मा बने कार्यकारी अध्यक्ष
13 अप्रैल को हरिद्वार में शहीद परिवार सम्मेलन, 15 जून को दिल्ली में शहीद कुशल कुंवर की 83वीं पुण्यतिथि पर होगा भव्य आयोजन
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन असम हाउस, चाणक्यपुरी में आयोजित बैठक में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी रहे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लेफ्टिनेंट आर. माधवन ने की, जबकि चुनाव अधिकारी के रूप में स्वतंत्रता सेनानी भारत भूषण विद्यालंकर ने दायित्व निभाया।
बैठक में सर्वसम्मति से संगठन के संरक्षक के रूप में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का चयन किया गया। अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष देशबंधु ने आयु एवं स्वास्थ्य कारणों से पदमुक्त करने का अनुरोध किया, किंतु कार्यकारिणी ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें पद पर बनाए रखने का निर्णय लिया।

कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में असम के द्विजेन्द्र मोहन शर्मा का नाम राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी द्वारा प्रस्तावित किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। वहीं महासचिव पद के लिए भी सभी सदस्यों ने पुनः जितेन्द्र रघुवंशी पर विश्वास जताया और करतल ध्वनि के साथ उन्हें इस पद पर पुनर्नियुक्त किया गया। इसके अलावा विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय उपाध्यक्षों का चयन किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ से गणेश शंकर मिश्रा, उत्तर प्रदेश से मृगांक शेखर आनंद एवं अलका चौहान, हरियाणा से सूबेदार बिजेन्दर सिंह, मध्य प्रदेश से कमल अग्रवाल एवं सुनील कुमार गुजराती, तमिलनाडु से ए. वेदरत्नम, झारखंड से ओम प्रकाश माझी, पंजाब से सूबेदार चेतन सिंह, बिहार से अशोक कुमार वर्मा, राजस्थान से विशाल सिंह सौदा, असम से कमल चंद्र लहकर, कर्नाटक से अप्पाराव नवले, त्रिपुरा से दीपा दास तथा पश्चिम बंगाल से मोनोतोष दास शामिल हैं।

संगठन की कोर कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी, कार्यकारी अध्यक्ष द्विजेन्द्र मोहन शर्मा, चंद्र प्रकाश बाजपेई, कपूर सिंह दलाल, डॉ. राजा भैया मिश्रा, परमजीत सिंह टिवाना, राजेश प्रताप सिंह एवं ए. वेदरत्नम शामिल किए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 13 अप्रैल 2026 को हरिद्वार (उत्तराखंड) में स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि 15 जून 2026 को नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में शहीद कुशल कुंवर की 83वीं पुण्यतिथि पर भव्य कार्यक्रम होगा। अन्य राज्यों में भी कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसकी तिथियां 15 जून के बाद तय की जाएंगी।

इस अवसर पर महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को सुबह 10 बजे 10 मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम समर्पित कर अभियान को गति दें। उन्होंने संगठनों के बीच आपसी सद्भाव बनाए रखने और पूरे समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष द्विजेन्द्र मोहन शर्मा, अध्यक्ष देशबंधु एवं भारत भूषण विद्यालंकर ने भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। अंत में लेफ्टिनेंट आर. माधवन ने सभी को आशीर्वाद प्रदान करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।