नेपाल। अंतर्राष्ट्रीय रविदास जयंती के पावन अवसर पर नेपाल के हरीपुर में एक भव्य सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक एवं संचालक आचार्य महात्मा भूपानंद वैध ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह का उद्घाटन सम्माननीय एम.एल. गंगोरे (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, रा.र.प. भारत), पटेल रामदास मंडराई (अध्यक्ष, मानवतावादी भाईचारा समिति, दिल्ली) तथा जिला राजस्व अधिकारी लक्ष्मण सिंह सिलोटे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


कार्यक्रम का समापन नेपाल हरिनगर के मेयर सम्माननीय गोपाल पजियार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने आचार्य भूपानंद वैध द्वारा तथागत बुद्ध की पावन भूमि नेपाल में धम्मालय, शिक्षालय, पुस्तकालय एवं विश्रामालय के निर्माण हेतु अपने पूर्वजों की आठ एकड़ भूमि समर्पित करने के निर्णय की भूरी-भूरी प्रशंसा की।


समापन समारोह में मेयर गोपाल पजियार ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए आश्वासन दिया कि वे इस पुनीत कार्य के लिए सरकार से अनुदान की सिफारिश करेंगे तथा व्यक्तिगत रूप से भी यथासंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से हरगोविंद (पूर्व RPP/SI), कुंज बिहारी सिंह भास्कर, पंजाब से गुरु रविदास मंदिर के महंत बलवीर दास, बिहार से भोला जी, कबीरपंथी महात्मा महेंद्र साहेब, साध्वी रीना दासीन तथा दिल्ली से कुमारी करीना डोयरे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने समर्थकों के साथ गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।