नई दिल्ली। श्री हनुमान मंदिर (रजि.) समिति, ई-3, गली नं. 6, ब्रह्मपुरी, दिल्ली के तत्वावधान में 36वें श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

शोभायात्रा शाहदरा के मक्की सराय, सुभाष नरुला चौक, रोहतास नगर, गोरख पार्क, बाबरपुर, हनुमान रोड, मौजपुर, घौंडा, ब्रह्मपुरी मेन रोड, गली नं. 10, मौनी बाबा मंदिर, एक्स ब्लॉक ब्रह्मपुरी होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई।
समिति के प्रधान विजय शर्मा ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ ईस्टर्न रेंज के ज्वाइंट सीपी श्री अजीत कुमार सिंगला द्वारा श्री हनुमान बाबा का विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया। इस दौरान डीसीपी शाहदरा आर.के. मीणा, आईपीएस आशीष कुमार, एसीपी संजीव कुमार सहित पुलिस बल ने सुरक्षा एवं व्यवस्था की कमान संभाली।


यात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की लगभग 26 भव्य झांकियां, 15 बैंड तथा 251 सुहागिन महिलाएं मंगल कलश लेकर पदयात्रा करती हुई चल रही थीं। विशेष आकर्षण 108 फुट लंबा “जय श्री राम” लिखा भव्य बैनर रहा। श्री हनुमान बाबा का स्वर्ण वर्क से भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर, निगम पार्षद अनिल कुमार शर्मा गौड़, लोमेश त्यागी, परशुराम रावत, सत्यनारायण बंसल, उमाकांत पंकज गुप्ता, हेमंत अवस्थी, जितेंद्र उपाध्याय, संजीत शर्मा ‘कालू बजरंगी’, विजय सारस्वत, अशोक शास्त्री, जीतराम शर्मा, पदम भार्गव ‘मामा’, वीरपाल सिंह ‘बिल्लू’, अमित गुप्ता, राहुल कपूर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
करीब 500 स्वयंसेवकों ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। पूरे मार्ग में भक्तों ने भजन-कीर्तन, नृत्य और जयकारों के साथ श्री हनुमान जन्मोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।