हनुमान जयंती के पावन अवसर पर घौण्डा विधानसभा क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। जैसे ही शोभायात्रा घौण्डा चौक पहुंची, वहां यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता चौधरी नत्थू सिंह का मंच पर भव्य स्वागत किया गया।


उल्लेखनीय है कि ब्रह्मपुरी स्थित गली नंबर-6 के बालाजी मंदिर द्वारा हर वर्ष यह विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है, जो शाहदरा से प्रारंभ होकर लगभग 12 किलोमीटर लंबी यात्रा तय करती है। यह शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है।
क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। खास बात यह रही कि मुस्लिम बहुल क्षेत्र से गुजरने वाली इस शोभायात्रा में आपसी भाईचारे और सौहार्द का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी जगह-जगह फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया।


सीलमपुर के पूर्व विधायक चौधरी मतीन एवं वर्तमान विधायक के रूप में उनके सुपुत्र जुबेर अहमद भी इस अवसर पर शोभायात्रा का स्वागत करते नजर आए। वे क्षेत्र में निकलने वाली कांवड़ सेवा में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं।
इस भव्य आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष यू.के. चौधरी, विधायक अजय महावर, निगम पार्षद अनिल गौड़ शर्मा, गौ रक्षा दल के नवीन शर्मा, अधिवक्ता मानसी चंदेल, पार्षद प्रीति गुप्ता, पार्षद रेखा रानी एवं उनके पति भाई विजेंद्र सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और अपनी सेवाएं दीं।
शोभायात्रा में भगवान की आकर्षक झांकियों से सजे रथ कई किलोमीटर तक दिखाई दिए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं की वर्षा की और यात्रियों के लिए चाय, बिस्कुट, ठंडा व मीठा पानी वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया।